भारत दक्षिण अफ्रीका दूसरा वनडे कौन जीता? - bhaarat dakshin aphreeka doosara vanade kaun jeeta?

India vs South Africa 2nd ODI Match : भारत ने दक्षिण अफ्रीका को रांची में खेले गए दूसरे मैच में 7 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 278 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने ईशान किशन (93) और श्रेयस अय्यर के दमदार शतक की बदौलत 25 गेंद शेष रहते ये मैच 7 विकेट से अपने नाम किया। भारत ने 45.5 ओवर में तीन विकेट पर 282 रन बनाए। भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने सर्वाधिक 113 रन बनाए। 

279 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की सलामी जोड़ी इस मैच में भी कमाल नहीं दिखा सकी। कप्तान शिखर धवन 20 गेंद में 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके कुछ देर बाद ही शुभमन गिल भी 26 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और भारत को जीत के करीब पहुंचाया। ईशान किशन 93 रन बनाकर शतक से चूक गए। लेकिन श्रेयस अय्यर ने शतक पूरा करने के साथ-साथ भारत को जीत भी दिलाई।

श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए 155 गेंदों में 161 रन की साझेदारी हुई। दिलचस्प बात ये है कि अफ्रीका की पारी में भी तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई थी। रीजा हेंड्रिक्स और मारक्रम ने टीम के लिए 129 गेंदों में 129 रन जोड़े थे। किशन और अय्यर की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके मैच का पासा ही पलट दिया। ईशान किशन ने 84 गेंदों में 93 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 7 छक्के लगाए। अपने घरेलू मैदान पर ईशान ने कई लाजवाब छक्के भी लगाए।

पहले मैच में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले श्रेयस अय्यर ने इस मैच में शतक ठोका। उन्होंने 111 गेंदों में 15 चौके की मदद से नाबाद 113 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने एक भी छक्का नहीं लगाया। संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर के बीच भी चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई।  दोनों ने चौथे विकेट के लिए 69 गेंद में 73 रन जोड़े। संजू सैमसन ने 36 गेंद में नाबाद 30 रन बनाए।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे वनडे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 278 रन बनाए। अफ्रीका की ओर से रीजा हेंड्रिक्स (74) और एडन मारक्रम (79) ने अर्धशतकीय पारी खेली। पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीसरे ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने स्टार बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को क्लीन बोल्ड करके पवेलियन भेज दिया। वह 8 गेंद में 5 रन ही बना सके। इसके बाद रीजा और मलान ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 10वें ओवर में जानेमन भी 25 रन बनाकर आउट हो गए। 

इसके बाद रीजा हैंड्रिक्स और एडन मारक्रम के बीच तीसरे विकेट के लिए 129 गेंदों में 129 रन की साझेदारी हुई। रीजा 76 गेंद में 74 रन बनाकर आउट हुए। एडन मारक्रम ने 89 गेंद में 79 रन बनाकर आउट हुए। हेनरिक क्लासेन ने 26 गेंद में 30 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका 30 ओवर में 157 रन बनाकर बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने रनगति पर लगाम कसी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को 42वें से 47वें ओवर तक एक भी चौका नहीं मारने दिया। हेनरिक क्लासेन (30) और वेन पार्नेल (16) के आउट होने के बाद प्रोटियाज को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मिलर पर थी। मिलर ने शार्दुल ठाकुर के 49वें ओवर में दो चौके जड़े लेकिन सिराज ने 50वें ओवर में केशव महाराज को आउट करते हुए सिर्फ तीन रन दिए। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी आठ ओवरों में केवल 41 रन जोड़कर 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाए।  भारतीय गेंदबाजी की अगुवाई करते हुए सिराज ने 10 ओवर में सिर्फ 38 रन देकर तीन विकेट लिए। इसके अलावा शार्दुल, शाहबाज़, वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट हासिल हुआ। 

India vs South Africa 2nd ODI Match LIVE Updates

8:55 PM  : टीम इंडिया ने श्रेयस अय्यर के दमदार शतक और ईशान किशन की 93 रन की महत्वपूर्ण पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका को दूसरे मैच में 7 विकेट से हरा दिया है। 

8:48 PM :पहले मैच में अर्धशतक लगाने वाले श्रेयस अय्यर ने दूसरे वनडे मैच में शतक जड़ दिया है। अय्यर ने 102 गेंदों में शतक पूरा किया। 

8:20 PM :भारत ने 37 ओवर में 3 विकेट खोकर 220 रन बना लिए हैं। जीत के लिए टीम को 78 गेंद में सिर्फ 59 रन चाहिए।

8:07 PM :अफ्रीका के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे ईशान किशन शतक बनाने से सिर्फ 7 रन से चूक गए। वह 84 गेंद में 93 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और 7 छक्के लगाए।

7:48 PM :दक्षिण अफ्रीका की टीम विकेट की तलाश में है, लेकिन अय्यर और किशन शानदार लय में नजर आ रहे हैं। दोनों तीसरे विकेट के लिए 150 से ज्यादा रन जोड़ चुके हैं।

7:30 PM : श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने भारत को जीत के करीब पहुंचा दिया है। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 116 गेंदों में 112 रन की साझेदारी हो चुकी है।

7:27 PM : टीम इंडिया को अय्यर और किशन ने अर्धशतकीय पारी खेलकर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे कर लिए हैं।

7:10 PM :ईशान किशन और श्रेयस अय्यर के बीच तीसरे विकेट के लिए 73 गेंद में 63 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

6:58 PM :किशन और अय्यर के बीच 40 रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों काफी संभलकर खेल रहे हैं। 

6:50 PM :भारतीय टीम ने 17 ओवर में 2 विकेट खोकर 82 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 32 गेंद में 19 रन बना चुके हैं। श्रेयस अय्यर 26 गेंद में 22 रन बना लिए हैं। 

6:37 PM : गिल और धवन के आउट होने के ईशान किशन और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। दोनों ने पिछली कुछ गेंदों पर कई बाउंड्री बटोरी है। 

6:28 PM : भारत ने 9 ओवर के अंदर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए हैं। शुभमन गिल 26 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हुए।

6:20 PM : भारत के छठे ओवर में बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान शिखर धवन 20 गेंद में 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। 

6:06PM : भारत ने शुरुआती 5 ओवर में बिना विकेट खोए 26 रन बना लिए हैं। धवन- गिल 12-12 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

5.50PM : सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और शिखर धवन क्रीज पर उतर चुके हैं। भारत को सीरीज बराबर करने के लिए 279 रन बनाने होंगे। 

5:20 PM : दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ रांची में खेले जा रहे दूसरे मैच में 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 278 रन बनाए। आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर सिराज ने महाराज को आउट किया। 

5:11 PM: अफ्रीका ने 49 ओवर में 6 विकेट खोकर 275 रन बना लिए हैं। 

5:05 PM: 48वें ओवर की दूसरी गेंद पर मैदान पर गजब का ड्रामा देखने को मिला। दरअसल स्ट्राइक पर मौजूद महाराज इस ओवर की दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना सके और गेंद सीधे विकेटकीपर संजू के पास गई। उन्होंने देखा कि मिलर नॉन स्ट्राइक पर क्रीज से बाहर खड़े हैं, ऐसे में बिना देरी किए उन्होंने सिराज की तरफ गेंद फेंकी और फिर सिराज ने पीछे मुड़ते हुए नॉन स्ट्राइक की ओर थ्रो किया, लेकिन गेंद स्टंप पर नहीं लगी और ओवर थ्रो के रूप में अफ्रीका को चार रन मिले। हालांकि अंपायर के फैसले से सिराज और अन्य भारतीय खिलाड़ी चौक गए, क्योंकि उनका मानना था कि उन्होंने आउट करने के लिए थ्रो नहीं किया था। हालांकि अंपायर ने ओवर थ्रो दिया। 

4:57 PM: शार्दुल ठाकुर ने 47वें ओवर में अफ्रीका को छठा झटका दिया है। वेन पार्नेल 22 गेंद में 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं।

4:50 PM: अफ्रीका ने 46 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बना लिए हैं। मिलर 23 और पार्नेल 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

4:38 PM: पिछले 5 ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने अफ्रीकी बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने का मौका नहीं दिया। इस दौरान साउथ अफ्रीका की टीम 1 विकेट खोकर 26 रन ही बना सकी है।

4:32 PM: साउथ अफ्रीका की पारी के 40 ओवर समाप्त हो गए हैं। आधी टीम पवेलियन में है और स्कोर 221 रन है। आने वाले 10 ओवर तय करेंगे कि भारतीय टीम डेथ ओवर्स में कितने रन बचा पाएगी।

4:22 PM: भारत को पांचवां विकेट वॉशिंगटन सुंदर ने दिलाया, जिन्होंने खतरनाक दिख रहे एडन मार्करम को 79 रन के निजी स्कोर पर कप्तान शिखर धवन के हाथों कैच आउट कराया। भारत ने अब इस मैच पर अपनी पकड़ बना ली है। इन दो विकेटों के गिरने से कुल स्कोर में थोड़ी कमी जरूर आएगी।

4:18 PM: साउथ अफ्रीका का चौथा विकेट हेनरिक क्लासेन के रूप में गिरा, जो 30 रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने। उनका कैच मोहम्मद सिराज ने पकड़ा। इसी ओवर में क्लासेन ने छक्का जड़ा था। भारतीय टीम की वापसी कुलदीप ने कराई है।

4:12 PM: साउथ अफ्रीका की टीम ने 200 रन का आंकड़ा 37वें ओवर में पार किया। अब यहां से टीम आसानी से 100 रन बना सकती है और इस पिच पर अगर 300 रन बनते हैं तो भारत के लिए मुश्किल हो सकती हा। अभी एडन मार्करम का साथ हेनरिक क्लासेन दे रहे हैं। क्लासेन तेज गति से रन बनाने को देख रहे हैं।

4:06 PM: भारतीय टीम को अभी 15 ओवर फेंकने हैं। टीम को कोशिश करनी होगी कि रन बचाने से बचना चाहिए और विकेट के लिए जाना चाहिए, क्योंकि आने बल्लेबाज तेजी से रन बनाते हैं। ऐसे में आप विकेट लेकर ही रन बचा सकते हैं।

3:56 PM: साउथ अफ्रीका की टीम का भले ही विकेट गिर चुका है, लेकिन रन गति अभी भी कम नहीं हुई है। स्कोर 180 हो गया है और अभी 17 ओवर का खेल बाकी है।

3:45 PM: भारत को तीसरी सफलता मोहम्मद सिराज ने दिलाई। उन्होंने खतरनाक नजर आ रहे रीजा हेंड्रिक्स को 74 रन के निजी स्कोर पर शाहबाज अहमद के हाथों कैच आउट कराया। स्कोर अब 169 रन पर 3 विकेट है। भारत के लिए ये बड़ी राहत है।

3:45 PM: भारतीय टीम के कप्तान शिखर धवन ने अपने 6 विकल्प अपना लिए हैं, लेकिन उनकी तीसरी सफलता नहीं मिल पा रही है। रीजा हेंड्रिक्स और एडन मार्करम की जोड़ी लगातार रन बनाती जा रही है। दोनों के बीच 120 रन से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है। 

3:36PM: साउथ अफ्रीका की टीम ने 29 ओवर में 150 रन पूरे किए। अभी भी सिर्फ दो ही विकेट गिरे हैं और ये टीम इंडिया के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है, क्योंकि आने वाले बल्लेबाजों में डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन जैसे बल्लेबाजों का नाम शामिल है, जिन्होंने पिछले मैच में रन बनाए थे।

3:30PM: एडन मार्करम ने 64 गेंदों में 6 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। पिछले मैच में स्पिन के खिलाफ वे कमजोर नजर आए थे, लेकिन रांची का मैदान उनको रास आया। मार्करम और हेंड्रिक्स के बीच अब साझेदारी 100 रन की हो गई है।

3:22PM: रीजा हेंड्रिक्स ने 58 गेंदों में 6 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में ये इनका चौथा अर्धशतक है। भारतीय टीम उनका विकेट चटकाने की ओर देख रही होगी।

3:15 PM: भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका की आधी पारी समाप्त हो गई है। 25 ओवर के बाद स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 122 रन है। रीजा हेंड्रिक्स अर्धशतक के करीब हैं।

2:57 PM: साउथ अफ्रीका की पारी के 20 ओवर समाप्त हो चुके हैं। स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 91 रन है। अब एडन मार्क्रम और हेंड्रिक्स के बीच साझेदारी पनप रही है। दोनों ने 60 गेंदों में 50 रन जोड़ लिए हैं।

2:45 PM: भारतीय टीम की निगाहें अब विकेट चटकाने पर होंगी, क्योंकि रन तो साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज तेज गति से बना नहीं पा रहे हैं।

2:35 PM: साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत को अब तीसरे विकेट की तलाश है। मेहमान टीम ने 15 ओवर में 2 विकेट खोकर 60 रन बना लिए हैं। एडन मार्करम और रीजा हेंड्रिक्स क्रीज पर हैं।

2:25 PM: साउथ अफ्रीका की टीम ने 12 ओवर में 50 रन का आंकड़ा छूआ। हालांकि, दो विकेट टीम के गिर चुके हैं।

2:15 PM: भारत को दूसरी सफलता शाहबाज अहमद ने दिलाई, जिन्होंने जानेमन मलान को 25 रन के निजी स्कोर पर lbw आउट कर दिया। इस तरह उनको इंटरनेशनल लेवल पर पहला विकेट मिला।  

2:04 PM: भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका की टीम को शुरुआत में झटका लगा, लेकिन जानेमन मलान और रीजा हेंड्रिक्स ने पारी को संभालने की कोशिश की है। स्कोर अब 30 के पार है।

1:52PM: साउथ अफ्रीका की पारी के 5 ओवर का खेल समाप्त हो गया है। एक विकेट जरूर गिरा है, लेकिन टीम ने 19 रन बना लिए हैं। भारत ने अब तक तीन गेंदबाजों को आजमाया है।

1:41PM: भारत को पहली सफलता मोहम्मद सिराज ने दिलाई। उन्होंने क्विंटन डिकॉक को 5 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। पिछले मैच में भी डिकॉक इसी तरह आउट हुए। गेंद उनके बल्ले के भीतरी किनारे को लेकर स्टंप्स पर जा लगी।

1:35PM: टॉस जीतने के बाद साउथ अफ्रीका की टीम बल्लेबाजी करने उतरी और पहले ओवर में बिना विकेट खोए 5 रन बनाए। भारत के लिए पहला ओवर मोहम्मद सिराज ने किया। सिराज की पहली गेंद पर क्विंटन डिकॉक ने चौका जड़ा। 

इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम में 2 बदलाव देखने को मिले हैं। रुतुराज गायकवाड़ और रवि बिश्नोई को बाहर बैठना पड़ा है, जबकि वॉशिंगटन सुंदर और शाहबाज अहमद की टीम में एंट्री हुई है। शाहबाज आज अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेलेंगे। उधर, साउथ अफ्रीका की टीम में कप्तान तेम्बा बावूमा नहीं हैं, जबकि तबरेज शम्सी भी बाहर हैं। दोनों थोड़े बहुत बीमार हैं। उनकी जगह रीजा हेंड्रिक्स और ब्योर्न फोर्टिन आए हैं। 

भारत की प्लेइंग इलेवन

शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और अवेश खान

दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन

जानेमन मलान, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, एडेन मार्कराम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, वेन पार्नेल, केशव महाराज (कप्तान), ब्योर्न फोर्टिन, कैगिसो रबाडा और एनरिक नॉर्टजे

सीरीज का पहला मैच मेहमान टीम साउथ अफ्रीका जीत चुकी है। ऐसे में एमएस धोनी के होमटाउन में टीम इंडिया जीत से कम कुछ नहीं चाहेगी, क्योंकि सीरीज में बने रहने के लिए भारतीय टीम का जीतना जरूरी है। सीरीज का अंतिम मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।

दूसरा ODI मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर को डेढ़ बजे शुरू होगा, जबकि इस मैच में टॉस 1 बजे फेंका जाएगा। ऐसे में अब इस मुकाबले को शुरू होने में बहुत कम वक्त बाकी है। दोनों टीमों के बीच एक जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलने वाला है। 

भारत दक्षिण अफ्रीका दूसरा वनडे मैच कौन जीता?

विस्तार भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच टीम इंडिया ने सात विकेट से जीत लिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 278 रन बनाए थे।

भारत और दक्षिण अफ्रीका तीसरा वनडे कौन जीता?

भारत सात विकेट से जीता भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को तीसरे वनडे सात विकेट से हरा दिया है. इस जीत के साथ ही उसने वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया. भारत को जीत के लिए 100 रनों का टारगेट मिला था जिसे उसने 19.1 ओवर में हासिल कर लिया. भारतीय टीम के लिए शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए, जिसमें आठ चौके शामिल थे.

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कितने वनडे हैं?

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला भारत ने सात विकेट से जीत लिया है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारत के सामने 279 रन का लक्ष्य रखा और भारत ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।

भारत दक्षिण अफ्रीका पहला वनडे कौन जीता?

लखनऊ में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 9 रनों से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 249 रन बनाए. जिसके जवाब में भारतीय टीम 240 रन ही बना सकी औऱ यह मुकाबला 9 रन से हार गई. वहीं इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ वनडे में खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.